कोरोना का खौफ: तीन दिन से एक ही मास्क लगाकर ड्यूटी कर रहे जूनियर डॉक्टर
सर, तीन दिन से कोरोना वार्ड में ड्यूटी कर रहा हूं। इस दौरान सिर्फ एक नार्मल मास्क मिला। उसे ही लगाकर ड्यूटी कर रहा हूं। इस मास्क को चार घंटे बाद बदलने का प्रोटोकॉल है। क्या यह मास्क हमें कोरोना वायरस से बचा सकेगा।
गुरुवार को कुछ इसी तरह बीआरडी के जूनियर डॉक्टरों ने प्राचार्य के सामने पीड़ा रखी। जानलेवा बीमारी के इलाज के लिए किए जा रहे इंतजाम से डॉक्टर भड़के थे। कोरोना वार्ड में 40 डॉक्टरों की ड्यूटी है। सभी वार्ड की ड्यूटी छोड़कर प्राचार्य कार्यालय पहुंच गए। बताया कि कोरोना वार्ड में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टॉफ की सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। पर्सनल प्रोटेक्शन (पीपी) किट तक नहीं दी गई। कोरोना की दहशत बढ़ती जा रही है। डॉक्टर बगैर पीपी किट और मास्क के ड्यूटी कर रहे हैं।
प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार कार्यालय से निकले और जूनियर डॉक्टरों से बात की। जूनियर डॉक्टरों ने प्राचार्य से समस्या को गिनाई। कहा की कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सुरक्षा इंतजाम न होने से दो डॉक्टर आइसोलेशन में चले गए हैं। एक साथ ही सबकी ड्यूटी लगा दी जा रही है।
जूनियर डॉक्टरों की पूरी होगी मांग: प्राचार्य ने जूनियर डॉक्टरों को ड्यूटी के दौरान सुरक्षा के प्रर्याप्त इंतजाम करने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टरों को पीपी किट और मास्क मुहैया कराया जाएगा।